नवादा टुडे डेस्क
नवादा आगामी 17 फरवरी से जिले के सभी 1665 स्कूलों में अनिश्चत काल के लिए ताला लटकने वाला है। इसके लिए जिले के नियमित और नियोजित शिक्षक एक मंच पर आकर सरकार से आर पार की लड़ाई के लिए कमर कस चुके हैं। गुरूवार को बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति की बैठक प्राथमिक शिक्षक संघ भवन रामनगर में हुई। बैठक में सर्व सम्मति से सभी संघ के नेताओं ने हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया और हड़ताल को सफल बनाने के लिए रणनीतियों पर चर्चा किया।
समन्वय समिति के जिला समन्वयक अशोक कुमार सिंह ने कहा नियोजित शिक्षकों का पुराने शिक्षकों की भांति वेतनमान हूबहू, सेवाशर्त एवं राज्यकर्मी का दर्जा समेत सात सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं स्कूलों में तालाबंदी करना है। हड़ताल को सफल बनाने के लिए व्यापक रणनीति बनाई गई है जिसमें सभी संघों की संयुक्त कमिटी प्रखंड स्तर पर बनेगी और कमिटी के लोग सभी स्कूलों का भ्रमण कर शिक्षकों को जागरूक एवं एकजुट करेंगे।
– हड़ताल के दौरान बीएलओ कार्य भी नहीं करेंगे शिक्षक
संघ ने कहा कि हड़ताल के दौरान कोई भी शिक्षक बीएलओ कार्य भी नहीं करेंगे। हड़ताल अवधि में मध्याह्न भोजन, मैट्रिक परीक्षा का वीक्षण कार्य, बीएलओ कार्य, जनगणना कार्य, सहित सभी सरकारी कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। जिला संयोजक ने कहा जब सभी संघ के नेता आपसी मतभेद को देर करते हुए शिक्षकों की लड़ाई को आरपार की लड़ाई बनाने के लिए एक मंच पर आ चुके हैं तो जिले के सभी नियोजित और नियमित शिक्षक एकजुटता दिखाते हुए हड़ताल को सफल बनाते हुए शत प्रतिशत स्कूलों में तालाबंदी कर सरकार को चटृटाी एकता का परिचय दें। उन्होंने कहा कि सरकार के किसी भी तानाशाही फरमान से हमलोग विचलित नहीं होंगे।
बैठक में प्राथमिक शिक्षक शिक्षक संघ के कोषाध्यक्ष अयोध्या पासवान, बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्याक्ष रामजी प्रसाद, प्रधान सचिव कुमार देवेन्द्र, टेट एसटेट उर्तीण नियोजित शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार, जिला महासचिव नीरज कुमार, बिहार अराजपत्रित प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश नाथ पासवान, जिला सचिव आलोक कुमार, परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिला महासचिव जतीन कुमार, अशोक पासवान, जयराम शर्मा, जयराम शर्मा, रविशंकर, प्रभात कुमार विभूति, संजय कुमार भारती, छोटे नारायण आदि लोग उपस्थित थे।


















































































































