नवादा टुडे डेस्क
केन्द्रीय चयन परिषद बिहार, पटना द्वारा सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा नवादा के 19 परीक्षा केन्द्रों पर रविवार को आयोजित हुई। परीक्षा दो पालियों में हुई। पहली पाली में 9888 में से 8171 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए जबकि दूसरी पाली में 8129 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। नवादा के एक परीक्षा केन्द्र पर एक मुन्ना भाई को भी पकड़ा गया। जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण में कदाचार मुक्त परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए कोई भी इलेक्ट्राॅनिक्स उपकरण परीक्षा केन्द्र के अन्दर पूरी तरह से वर्जित रखा गया।
– दूसरे के बदले परीक्षा देते एक युवक गिरफ्तार
सत्येन्द्र नारायण इंटर विद्यालय में दूसरे अभ्यर्थी के बदले परीक्षा देते एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पवन कुमार किसी अनिल कुमार के बदले परीक्षा दे रहा था। सदर एसडीओ अनु कुमार ने बताया नकलची पवन कुमार बेतिया का रहने वाला है। पूछताछ में बताया कि पटना में तैयारी कर रहे हैं, झांसे में आकर अनिल कुमार के बदले परीक्षा देने आ गया। फर्जी अभ्यर्थी को पुलिस को सौंप दिया गया है। उसे जेल भेज दिया गया है।
– 16300 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा 3476 रहे अनुपस्थित
रविवार को जिले के 19 केन्द्रों पर सम्पन्न हुए सिपाही भर्ती परीक्षा में 19 हजार 776 में से 16 हजार 300 अभ्यर्थी सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल हुए। 3476 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। परीक्षा के दौरान परीक्षा केन्द्रों पर निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष में डीपीआरओ गुप्तेश्वर कुमार, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी श्रीनिवास, शिक्षा विभाग डीपीओ रामनरेश सिंह, साधनसेवी दिलीप कुमार समेत कई लोग तत्पर रहे।




















































































































