नवादा टुडे डेस्क
नवादा में दरोगा परीक्षा के दौरान दिल्ली पब्लिक स्कूल में पहली पाली में प्रश्नपत्र लीक को लेकर परीक्षार्थियों ने हंगामा किया। परीक्षार्थियों ने पहली पाली की परीक्षा को बहिष्कार कर दिया। इसके चलते करीब 500 परीक्षार्थी परीक्षा से वंचित रह गए। परीक्षार्थियों का आरोप था कि केन्द्र पर ड्यूटी कर रहे एक कर्मी मोबाइल के जरिए प्रश्नपत्र लीक कर रहा था। उसके बाद हंगामा हुअा।
छात्रों का हंगामा और परीक्षा बहिष्कार की जानकारी के बाद डीएम कौशल कुमार, एसपी हरि प्रसाथ एस, एएसपी कुमार अालाेक , सदर एसडीएम अनु कुमार परीक्षा केन्द्र पहुंचे और परीक्षार्थियों के आरोप की जांच की। एसडीओ अनु कुमार ने बताया कि प्रश्नपत्र लीक का कोई मामला नही है। वहां मौजूद 5-6 परीक्षार्थियों ने जानबूझकर अफवाह फैलाकर इस तरह का माहौल खड़ा किया, इसके चलते परीक्षार्थी हंगामा करने लगे। एसडीओ ने कहा कि सब कुछ समय से हो रहा था।
प्रश्नपत्र वितरण से पूर्व मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में बाॅक्स खोला गया। निर्देश के अनुसार बाॅक्स का ताला खोलने के दौरान वीडियोग्राफी कराई गई जिसे कुछ अभ्यर्थियों ने देखा और उसे गलत समझ लिया। एसडीओ ने कहा स्कूल के सीसीटीवी फूटेज आदि की जांच की गई है। कहीं से प्रश्नपत्र लीक का कोई मामला नहीं है। गौरतलब हो कि नवादा में 19 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। लेकिन प्रश्नपत्र लीक के सवाल पर परीक्षार्थियांे द्वारा बहिष्कार के कारण डीपीएस परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा नही हो सकी है। हालांकि दूसरी पालि की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई है।























































































































