बाढ के पानी में डूबे चार और लोगों का शव मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बरामद किया गया। इसके साथ ही जिले में बाढ से मरने वालों की संख्या 6 पहुंच गई है। रजौली के फुलवरिया जलाश में डूबे न्यू सिंगर गांव निवासी गोरे राजवंशी और सिंगरखास के जमुना राजवंशी के शव को मंगलवार को चरणदाहा से बरामद किया गया। अकबरपुर थाने के नाद-कुलना निवासी का शव गाजीपुर से तथा मुफसिल थाना क्षेत्र के झुनाठी निवासी राकेश कुमार का शव धनार्जेय नदी से बरामद किया गया। इससे पहले सोमवार को रजौली के सुअरलेटी निवासी कैलाश भुईयां का शव रजौली डैम से तथा पकरीबरावां में एक बच्ची स्वीटी का शव बरामद किया गया था। बरामद हुए शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों का सौंप दिया गया। मृतक के परिजनों को आपदा राहत के तहत राशि देने की प्रक्रिया की जा रही है। रजौली में बाढ पीड़ितों के बीच लगातार दूसरे दिन भर राहत समाग्री और दवाईयां पहुंचाई गई। एएसपी अभियान कुमार आलोक के नेतृत्व में गए राहत और बचाव दल के साथ एक मेडिकल टीम भी बाढ पीड़ित गांवों में गई। मंगलवार को रजौली के सुअरलेटी, मेरमो, चिरैला, न्यू सिंगर, सिंगर खास, कुम्भियातरी आदि गांवों में मेडिकल कैम्प लगाकर बीमार लोगों का ईलाज किया गया।
पानी कमने के बाद संक्रमण का खतरा
जिले के बाढ पीड़ित गांवों में पानी कमने के बाद अब संक्रमण का खतरा हो गया है। रजौली के बाढ़ पीड़ित 8 गांवों में करीब 50 से ज्यादा लोग बिमार है। राहत और बचाव दल का नेतृत्व कर रहे अभियान एएसपी कुमार आलोक ने कहा कि पानी का जमाव रहने के कारण ग्रामीणों को संक्रमण हुआ है। बीमार ज्यादातर लोगों को सर्दी,खांसी और बुखार है। मंगलवार को मेडिकल कैम्प लगाकर ईलाज किया गया है। उन्हें एहतिहात के तौर पर दवाईयां दी गई है।
इनकी हुई मौत-
कैलाश भुइयां- सुअरलेटी ( रजौली )
गोरेलाल राजवंशी- न्यू सिंगर ( रजौली )
जमुना राजवंशी- सिंगर खास ( रजौली )
राकेश कुमार- झुनाठी, ( नवादा )
स्वीटी कुमारी- ( पकरीबरावां )
धनेश्वर राजवंशी- नाद ( अकबरपुर )





















































































































