नवादा टुडे डेस्क
गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र के बिशनपुर और गोविंदपुर के बीच अधवरवा पुल के नजदीक शनिवार की सुबह लगभग 6 बजे घने कोहरे के कारण टेम्पु व ट्रक के आमने सामने टक्कर हो गई जिससे टेम्पु पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टेंपो में बैठे सभी छात्र छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष डॉक्टर नरेंद्र प्रसाद दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया तथा दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर थाने लाया गया। लोगों के सहयोग सभी घायलों को सीएससी गोविंदपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए नवादा रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि सभी छात्र छात्रा घर से शनिवार की सुबह में कोचिंग में पढ़ाई करने के लिए टेंपो में बैठकर जा रही थी। रास्ते में विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक टेंपो से टकरा गया जिससे टैंपू क्षतिग्रस्त हो गया और बैठे सभी छात्र छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में माधोपुर के गणेश कुणाल उम्र 13 वर्ष, पिता अमरदेव कुमार, मुस्कान कुमारी उम्र 14 वर्ष, पिता संतोष विश्वकर्मा,संगीता कुमारी उम्र 14 वर्ष, पिता छोटन यादव,अर्चना कुमारी उम्र 13 वर्ष, पिता बीजू यादव,बिशनपुर के नीलम कुमारी उम्र 15 वर्ष पिता महेंद्र कुमार, रीना कुमारी उम्र 13 वर्ष पिता महेंद्र यादव, पुतुल कुमारी उम्र 10 वर्ष पिता रविंदर यादव है। बताया जाता है कि दुर्घटना में घायल छात्रा मुस्कान कुमारी की स्थिति चिंताजनक है उसका पटना में इलाज हो रहा है।
सबसे बड़ी बात तो यह है कि जिला पदाधिकारी के आदेशानुसार 26 दिसंबर से 28 दिसंबर तक सभी सरकारी व गैर सरकारी विद्यालय को बंद रखने की आदेश दिया गया था लेकिन गोविंदपुर में कुछ शिक्षकों द्वारा आदेश का उल्लंघन कर कोचिंग चलाया जा रहा है। इतना ही नहीं कोचिंग सुबह 7 बजे से संचालित किया जा रहा है। लोग बताते है कि कोचिंग संस्थानों के बीच होड़ मची है। इस होड़ में छात्रों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।




















































































































