नवादा टुडे डेस्क
पकरीबरावां जल जीवन हरियाली योजना की जागरूकता को लेकर आगामी 19 जनवरी को प्रस्तावित मानव श्रृंखला के लिए शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित शिक्षक प्रशिक्षण भवन में बैठक हुई। बीडीओ डॉ. अखिलेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रखंड के सभी पदाधिकारी, कर्मी, सभी विद्यालयों के प्रधान एवं जन प्रतिनिधि शामिल हुए। बीडीओ ने मानव श्रृंखला को लेकर विस्तृत चर्चा की। साथ ही इसकी रूपरेखा भी बनाई गई। उन्होंने सभी प्रखंड पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने निचले स्तर के कर्मियों के साथ बैठक कर इसकी तैयारी करने को कहा।
लगातार जागरूकता अभियान चलाकर इस अभियान को सफल बनाया जाना है। बताया गया कि जमुई जिले के आढ़ा मोड़ से रोहुआ एवं कौआकोल के बड़राजी से गुलनी मोड़ तक 24 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनेगी। 24 किलोमीटर को कई सेक्टर में बांटा जाएगा, जहां एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी। प्रत्येक 20 मीटर पर एक कर्मी को प्रतिनियुक्त किया जाएगा ताकि मानव श्रृंखला में खड़े लोगों का ख्याल रखा जा सके। बैठक में सीओ सुक्रान्त राहुल, बीपीआरओ कौशल किशोर, बीएओ भूपेंद्र सिंह, जेएसएस सुजीत कुमार सोनू सहित अन्य थे।
– रैली के माध्यम से किया जागरूक
जल जीवन हरियाली योजना को लेकर बनने वाले मानव श्रृंखला की जागरूकता को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। बीडीओ डॉ. अखिलेश कुमार की देखरेख में निकली रैली में सभी विद्यालयों के प्रधान के अलावे प्रखंड पदाधिकारी, कर्मी व जन प्रतिनिधि शामिल हुए। रैली प्रखंड कार्यालय परिसर से निकलकर बाजार होते हुए मोहनबीघा तक गई। इस बीच लोगों को मानव श्रृंखला को लेकर जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि पर्यावरण एवं जल स्त्रोतों को बचाने के लिए सरकार द्वारा जल जीवन हरियाली योजना शुरू की गई है। बीडीओ ने लोगों से मानव श्रृंखला बनाकर नजीर पेश करने की अपील की।






















































































































