11 हजार वोल्ट वाली विद्युत तार टूटकर गिरा,चपेट में आने से झुलसकर वृद्ध की हुई दर्दनाक मौत

0
910

नवादा टुडे डेस्क

कौआकोल थाना क्षेत्र के महुडर से चड़रा गांव जाने वाली कच्ची सड़क पर सोमवार की सुबह अचानक 11 हजार वोल्ट वाली बिजली तार टूटकर मवेशी चराने जा रहे एक वृद्ध के ऊपर जा गिरा, जिससे वृद्ध व्यक्ति की घटनास्थल पर ही झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार प्रखण्ड के लालपुर पंचायत के गुआघोघरा निवासी लगभग 50 वर्षीय  धनेश्वर यादव रोज की भांति सोमवार की सुबह अपना मवेशी लेकर चराने चड़रा जंगल जा रहे थे, इस बीच कच्ची सड़क पर टाँड़ के पास 11 हजार वोल्ट वाली बिजली तार अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गया, जिससे वे बुरी तरह झुलस गयें एवं घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना के बाद गांव में मातम का माहौल कायम हो गया। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के रवैये के प्रति अपनी नाराजगी जताते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे जिला पार्षद अजित यादव एवं थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने समझा बुझाकर आक्रोशित लोगों को शांत किया।

इस दरम्यान जिला पार्षद श्री यादव ने बीडीओ संजीव कुमार झा द्वारा उपलब्ध कराये गए मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत बीस हजार रुपये का चेक मृतक के परिजन को सौंपा तथा सदर एसडीओ एवं विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता से बात कर पीड़ित परिवार को चार लाख रुपए की मुआवजा अविलम्ब देने की मांग की, जिसके बाद द्वय अधिकारियों द्वारा आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए, तब जाकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेजा जा सका। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल कायम ही गया है। यह दुर्भाग्य ही कहा जाए कि मृतक की पत्नी चूमा देवी की मृत्यु लगभग एक वर्ष पूर्व ही वज्रपात से हो गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here