नवादा टुडे डेस्क
कौआकोल अंचल कार्यालय इन दिनों भगवान भरोसे चल रहा है। कर्मियों के अभाव में अंचल क्षेत्र के लोगों को राजस्व सम्बंधित कार्यों के लिए अनावश्यक विलम्ब का सामना करना पड़ रहा है,जिससे लोगों के समक्ष काफी परेशानी उत्पन्न हो रही है। कहने को तो अंचल कार्यालय में 15 विभिन्न पंचायतों में राजस्व कर्मचारी के अलावे अंचल कार्यालय में अंचल निरीक्षक,लिपिक प्रधान लिपिक,नाजिर सहित कई पद सृजित है।
परन्तु कौआकोल अंचल के 15 पंचायतों में वर्तमान समय में महज तीन राजस्व कर्मचारी पदस्थापित है,उनमें भी एक राजस्व कर्मचारी को अंचल निरीक्षक का प्रभार दिया गया है। जबकि अंचल कार्यालय में एक भी लिपिक पदस्थापित नहीं है। ऐसे में यहां सरकार द्वारा संचालित राजस्व सम्बन्धित कई महत्वपूर्ण योजनाएं प्रभावित हो रही है। हैरानी की बात तो यह है कि ऐसी स्थिति लगभग एक वर्षों से बनीं हुई है,बावजूद जिला प्रशासन इन सब चीजों से अनभिज्ञ बना हुआ है।
राजस्व कर्मचारी एवं कार्यालय लिपिक के अभाव में राजस्व वसूली अभियान बसेरा,दाखिल खारिज,राजस्व शिविर,अभियान दखल दहानी,लोक शिकायत निवारण,आरटीपीएस सहित अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अब देखना यह है कि आखिर कर्मियों की कमी से जूझ रहा कौआकोल अंचल में कब स्थायी रूप से कर्मियों की पदस्थापना की जाती है। वहीं इस सम्बंध में अंचल अधिकारी सुनील कुमार बताते हैं कि कर्मियों की कमी से कार्य प्रभावित होने की सूचना जिलाधिकारी समेत वरीय अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।





















































































































