नवादा टुडे डेस्क
सिरदला लंबी छुट्टी के बाद प्रखंड के सभी सरकारी व निजी विद्यालय सोमवार से खुल गए। बच्चों के स्कूल पहुंचने के लिए सभी स्कूलों में रौनक लौट गई है। सोमवार को बच्चों ने पठन पाठन में भाग लिया और खेल पीरियड में खूब मौज-मस्ती भी किया। इससे माहौल काफी खुशनुमा दिखा। कई दिनों के बाद स्कूल खुलने पर बच्चों में भी उत्साह दिखा। सोमवार को मौसम भी सुहाना रहा।
सुबह से ही धूप खिली रहने के चलते बच्चों को स्कूल जाने में कोई खास परेशानी नहीं हुई। कई बच्चें छुट्टियों के दौरान घर में हुई मौज-मस्ती का जिक्र भी अपने साथियों को बताते नजर आ रहे थे। गौरतलब है कि कड़ाके की ठंड, शीतलहरी व घना कोहरा के मद्देनजर 21 दिसंबर से स्कूलों को बंद कर दिया गया था।
बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए डीएम ने स्कूलों में छुट्टी देने का आदेश जारी किया था। इस बीच कई छुट्टी को विस्तारित भी किया गया। 05 जनवरी तक बंद रहने के बाद 06 को स्कूल खुल गए। प्रखंड के प्राथमिक, मध्य व माध्यमिक विद्यालयों सहित निजी विद्यालय को खोल दिया गया है। इधर, स्कूल खुलने के बाद प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में मध्याह्न भोजन भी चालू हो गया।




















































































































