नवादा टुडे डेस्क
पकरीबरावां गणतंत्र दिवस के मौके पर इंटर विद्यालय के खेल मैदान पर प्रशासन एकादश एवं मीडिया एकादश के बीच फैंसी क्रिकेट मैच खेला गया। जिसमें प्रशासन एकादश ने 5 विकेट से मैच को अपने नाम किया। टॉस प्रशासन एकादश के कप्तान बीडीओ डॉ. अखिलेश कुमार ने जीता और विपक्षी कप्तान डॉ. मुकेश सिन्हा को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी को उतरी मीडिया की टीम ने शानदार शुरुआत की।
राहुल, प्रशांत एवं अनीश की बेहतरीन बल्लेबाजी के बदौलत टीम ने निर्धारित 16 ओवरों में 137 रन का स्कोर खड़ा किया। प्रशासन की ओर से अपर थानाध्यक्ष श्यामसुंदर पासवान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए। जवाबी पारी खेलने उतरी प्रशासन की टीम ने सधी हुई शुरुआत की। हालांकि प्रशासन की टीम को शुरुआत में दो लगातार झटके लगे। बावजूद खिलाड़ियों ने हौसला बनाए रखा। इस बीच मिडिल आर्डर में बल्लेबाजी के लिए उतरे सीओ सुक्रान्त राहुल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। एक समय हार के कगार पर खड़ी प्रशासन एकादश के सीओ ने जीत की दहलीज पर पहुंचाकर दम लिया।
अंततः प्रशासन एकादश ने 5 विकेट से मैच जीत लिया। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सीओ सुक्रान्त राहुल एवं अपर थानाध्यक्ष श्यामसुंदर पासवान को मैन ऑफ़ दी मैच घोषित किया गया। दो बेहतरीन कैच के लिए मीडिया एकादश के इन्द्रजीत कुमार सिन्हा को बेस्ट फील्डर का अवार्ड दिया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने विजेता एवं उप विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। साथ ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल दिया गया।
इस बीच खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए एसडीपीओ ने दोनों टीमों को बधाई दी। कहा दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल दिखाया। साथ ही कहा कि इस तरह के मैच के आयोजन से प्रशासन व मीडिया के बीच के संबंधों में निकटता बढ़ती है। समय-समय पर इस तरह के आयोजन होना चाहिए ताकि लोग प्रशासन से जुड़ें। इस मौके पर उपस्थित इंस्पेक्टर लालबिहारी पासवान ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र कुमार वर्मा, कमेंटेटर खुर्शीद अख्तर, प्रमुख प्रतिनिधि मनोज कुमार, उप प्रमुख दिनेश सिंह, समाजसेवी लक्ष्मण चौहान, पूर्व उप प्रमुख मनोज यादव, बाल्मीकि मेहता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।






















































































































