नवादा टुडे डेस्क
नवादा बुधवार की देर रात नारदीगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव से अज्ञात चोरों ने गौशाला में बंधे 11 मवेशियों समेत बिजली पम्पसेट एवं धान की चोरी कर लिया। जानकारी के अनुसार किसानों के घर के बाहर गौशाला में बंधे मवेशियों को चोर अपने साथ लेता चला गया। इतना ही नहीं पटवन के लिए बोरिंग के समीप खेत में लगाए बिजली पम्पसेट एवं खलिहान में रखा 5 बोरा धान भी चोरी कर लिया। विडंबना है कि इतनी संख्या में मवेशियों के चोरी होने एवं पम्पसेट एवं धान चोरी होने के दौरान किसी ग्रामीण की नींद नहीं खुली।
ग्रामीणों ने बताया सुबह जब मवेशियों को चारा देने के लिए गए तो गौशाला में नहीं पाया। शुरूआत में लगा कि खुंटा से निकलकर कहीं भाग गया होगा। लेकिन कई अन्य लोग भी जब इसी तरह से अपने अपने मवेशियों को ढूढते पहुंचे तब माजरा समझ में आया कि मवेशी खुंटा से निकलकर भागा नहीं बल्कि किसी द्वारा चोरी कर लिया गया है। चोरी की आशंका होते ही सभी लोग मवेशियों के खुर के चिन्ह के आधार पर खोजबीन करने लगे।
परन्तु खेत के बाद रोड शुरू होते ही पद चिन्ह समाप्त हो गया जिसके बाद किसान निराश होकर लौट आए और नारदीगंज थाना को चोरी की सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया दरियापुर निवासी रामाशीष सिंह के 3 मवेशी, रामाश्रय सिंह के 2 मवेशी ,विजय सिंह के 1 मवेशी ,विनोद सिंह के 1 मवेशी, रविंद्र सिंह के 2 मवेशी, संजीव कुमार के 2 मवेशी की चोरी हो गई। इसी गांव के पंकज सिंह के खलियान से बिजली पम्पसेट चुरा लिया।





















































































































