अशोक प्रियदर्शी
नवादा जिले के रजौली प्रखंड के फुलवरिया डैम इलाका में धनार्जय नदी में अचानक बाढ़ आने से पांच लोग नदी की धारा में बह गए। इसमें दो लोग किसी तरह बच गए। लेकिन तीन का अबतक पता नही चला है। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि पांच लोगों के नदी में बहने की सूचना मिली थी जिनमें दो लोग किसी तरह बचकर निकल गए हैं। लेकिन तीन की तलाश की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि फुलवरिया जलाशय में पानी बढ़ गया है इसके चलते छह गांवों के लोग फंसे हुए हैं। उसे निकालने की व्यवस्था की जा रही है।
गौरतलब हो कि शनिवार की रात्रि धनार्जय नदी के किनारे सुअरलेटी के समीप पांच ग्रामीण खेत पटवन के लिए बधार में थे। तभी अचानक बाढ़ आ गई। इसमें गोबरडीह निवासी सुरेश पंडित और उनकी पत्नी किसी तरह पहाड़ी की ओर भाग कर जान बचाई। जबकि एकंबा के यमुना राजवंशी, पुराना सिंगर के गोरेलाल राजवंशी और सुअरलेटी के कैलाश भूइयां पानी की बहाव में बह गए, जिनका अभी तक पता नही चल पाया है। यही नहीं, फुलवरिया जलाशय के किनारे बसे गांव भानेखाप, सुअरलेटी, पुरानी सिंगर, कुम्भियाटरी, चिरैला, पीपरा, परतौनिया गांव के लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने की व्यवस्था की जा रही है।
Home रजौली




















































































































