डाटा अपग्रेडेशन में फंसे ग्रामीण बैंक के 20 हजार से ज्यादा खाते

0
1089

नवादा टुडे डेस्क

  नवादा सर्वर अपडेट और डाटा अपग्रेशन के चलते दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। खासकर बैंक के सीएसपी में खाता खुलवाने के लिए आवेदन दिए ग्राहकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। बैंक के 180 सीएसपी शाखाओं में अकाउंट खुलवाने के लिए करीब 20 हजार से ज्यादा आवेदन पेंडिंग पड़े हैं। बीते 20 नवंबर के बाद आवेदन देने वाले किसी उपभोक्ता को न तो पासबुक मिला है और न ही अकाउंट नंबर ही मिले हैं। ऐसे उपभोक्ता खाता खुलवाने का आवदेन देने के बाद पिछले डेढ-दो महीने से बैंकों और सीएसपी शाखाओं के चक्कर काट रहे हैं।

बताया जाता है कि दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक का सर्वर ओल्ड हो गया था और इस सर्वर को अपडेट किया जा रहा है। नवंबर के 25 तारीख से यह काम शुरू हुआ है। काम शुरू होने के बाद एक-दो दिनों तक लेन-देन में भी परेशानी हुई और लोगों के आरटीजीएस तथा चेक क्लियरेंस का काम भी बाधित हुआ।

बाद में ब्रांचों में यह व्यवस्था सुधर गई लेकिन सीएसपी शाखाओं में स्थिति ठीक होने में देर हो रही है। सबसे ज्यादा परेशानी उन्हें हो रही है जिन्होंने दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंकों के सीएसपी यानि विकल्प सेंटरों में खाता खुलवाने का आवेदन दिया है। 20 नवंबर के बाद आवेदन देने वाले अधितर लोगों का खाता अब तक नहीं खुल पाया है।

केस स्टडी 1

मेसकौर प्रखंड के बारत निवासी राजकुमार सरस ने बताया कि बीते 3 दिसंबर को खाता खुलवाने के लिए हिसुआ स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक बारत गया था। बैंक में कहा गया कि सर्वर में दिक्कत के चलते अभी खाता खोलने के काम नहीं हो रहा है। शाखा के नीचे सीएसपी है वहां खुलवा लें। इसके बाद सीएसपी में खाता खोलने के लिए आवेदन दिया। अब तक खाता नहीं खुला है। कहा गया था कि चार-पांच दिनों में खाता नंबर मिलेगा लेकिन अबतक नहीं मिला।

केस स्टडी 2

हिसुआ के रानीपुर निवासी प्रमोद ने भी सीएसपी में खाता खोलने के लिए दिसंबर के पहले सप्ताह में ही आवेदन दिया था लेकिन अब तक खाता नंबर नहीं मिला। प्रमोद ने बताया कि सीएसपी संचालक कह रहें हैं कि 20 नवंबर के बाद से अकाउंट नंबर नहीं आ पाया है। सर्वर की दिक्कत है।

क्यों हो रही परेशानी

बैंक सूत्र बताते हैं कि पंजाब नेशनल बैंक और दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक फिनाकल सर्वर के सहारे काम करती है। पीएनबी ने अपना ओल्ड सर्वर 2019 के जनवरी माह में ही अपडेट कर लिया था। दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक में ओल्ड सर्वर को बदलकर अपडेट करने का काम नवंबर के अंत में शुरू हुआ। दिसंबर के पहले हफ्ते तक दक्षिण बिहार के सभी 58 ब्रांचों में ग्राहकों के लिए सारी सुविधा सुचारू हो गई लेकिन सीएसपी में दिक्कत बनी रही। चार दिन पहले 6 जनवरी को इन सीएसपी सेवाओं के लिए भी सबकुछ ठीक हो गया है। अब सेवा सुचारू होने की उम्मीद है।

अनुदान से महरूम हुए कई किसान

जिले में कम बारिश के कारण फसलों की क्षति को देखते हुए सरकार ने सुखाड़ अनुदान देने की घोषणा की है। इसके लिए किसानों से उनके अकाउंट वाले किसान पंजीकरण संख्या मांगा गया। जिन किसानों के अकाउंट नहीं थे ऐसे किसानों ने खाता खुलवाने के लिए बैंकों में आवेदन दिया था। चुकि दक्षिण बिहार की शाखाएं गांवों में है लिहाजा किसानों ने अपनी सहुलियत को देखते हुए इस बैंक की ओर रूख किया।

बैंकों से उन्हें सीएसपी जाने का सुझाव मिला तो किसानों ने सीएसपी ब्रांचों में खाता खुलवाने का आवेदन दे दिया। लेकिन करीब डेढ महीने तक खता नहीं खुलने से आवेदन की तिथि समाप्त हो गई । इसके चलते कई किसान अनुदान से महरूम हो गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here