नवादा टुडे डेस्क
रजौली प्रखंड के चितरकोली पंचायत स्थित दूधीमाटी गांव में निवास करनेवाले बिरहोर जाति के लोगों का जल्द ही दिन बहुरेगा। गांव में जनजाति समूह के लगभग एक सौ लोगों को जरूरी साधन और सुविधाएं मुहैया करायी जाएगी। इसको लेकर रजौली के अनुमंडल पदाधिकारी चन्द्रशेखर आजाद और जिला कल्याण पदाधिकारी प्रशांत अभिषेक, एलआरडीसी विमल प्रसाद सिंह मंगलवार गांव को दूधमाटी पंहुचे और मूलनिवासियों का हालचाल जाना।
बताया गया कि गणतंत्र दिवस पे ब्राइट कॅरियर एजुकेशन एंड वेलफेयर ट्रस्ट, नवादा द्वारा बच्चों को स्कूल ड्रेस देकर प्रारंभिक शिक्षा देने के लिए विद्यालय शुरू कर दी जाएगी। प्रारंभिक शिक्षा पाने के बाद बच्चे आगे की पढ़ाई के लिए इस पहाड़ी क्षेत्र से निकलकर गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में जा सकेंगे। ट्रस्ट के चेयरमैन कार्यानंद शर्मा ने निःशुल्क शिक्षा देने का आश्वासन दिया है।
जनजाति के विकास पर हुआ मंथन
आदिम जनजाति के विकास और आवास, शौचालय, स्वास्थ्य, आधार कार्ड, बच्चों की शिक्षा, समेत तमाम सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए विचार-विमर्श किया। एसडीओ ने बताया कि गणतंत्र दिवस से सभी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने, पहचान पत्र से वंचित लोगों को आधार कार्ड बनाने, खाद्यान्न की शत-प्रतिशत व्यवस्था को सुनिश्चित कराने, स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव में सार्वजनिक शौचालय व पानी टंकी बनाने, पेंशन से वंचित लोगों को पेंशन की सुविधा देने जैसे योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। मौके पर ट्रस्ट के सहयोगी किशोर कुणाल, सुमन कुमार, मनरेगा जेई रविन्द्र कुमार, मुखिया प्रतिनिधि राजकुमार यादव, वार्ड सदस्य नागेश्वर यादव, मुकेश कुमार आदि उपस्थित थे




















































































































