नवादा टुडे डेस्क
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक राजीव रंजन ने कहा कि सीएए नागरिकता लेने के लिए नही देने के लिए कानून बनाया गया है। इस नागरिकता कानून में ऐसा कोई प्रावधान नही है, जिसमें नागरिकता ली जा सके।
नवादा बीजेपी कार्यालय में आज आयोजित प्रेस सम्मेलन में बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा भारत के तीन पड़ोसी देश अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांगलादेश है, जहां अल्पसंख्यक हिंदूओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। कनवर्ट किया जा रहा है। उनके खिलाफ कई ऐसे काम किए जा रहे हैं। वैसे लोग जब हिंदुस्तान आएं तो उन्हें नागरिकता प्रदान की जाय। इसलिए सीएए कानून बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जब भारत से अलग हुआ था तब वहां अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय की आबादी 22 फीसदी थी, लेकिन आज वहां घटकर 3.7 प्रतिशत रह गई है। यानि 80 प्रतिशत लोग या तो दूसरी जगह चले गए, कनवर्ट कर दिए गए, मार दिए गए या फिर हिंदुस्तान चले आए। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में अल्पसंख्यक समाज के साथ हम सभी भाईचारे के साथ प्रेम और सौहार्द के वातावरण में रहते हैं।
इसलिए यहां कोई दिक्कत नही है। भारत में विभाजन के समय मुस्लिम आबादी 9.8 प्रतिशत थी यह अब बढ़कर 14.8 प्रतिशत हो गया है। अल्पसंख्यक समुदाय का 40 प्रतिशत ग्रोथ हुआ है। राजीव रंजन ने कहा कि विपक्षी दल के लोग भ्रम पैदा कर रहे हैं। वे लोग देश को बर्बाद करना चाहते हैं। लेकिन जब देश ही नही रहेगा तब हम कहां रहेंगे।



















































































































