नवादा टुडे डेस्क
नवादा माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए आयोजित बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में 6077 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा दो पालियों में हुई जिसमें प्रथम पाली में माध्यमिक स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए तथा दूसरी पाली में उच्चतर माध्यमिक शिक्षक बनने के लिए एसटेट परीक्षा ली गई। परीक्षा आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग काफी सख्त दिखा। इसके बावजूद कई परीक्षा केन्द्रों में अभ्यर्थी चिट ले जाने में सफल हो गए। वहीं परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र वायरल होने की अफवाह भी खूब फैली। अफवाह के चक्कर में पड़कर कई परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में प्रवेश से पूर्व चिट बनाते तो कई प्रश्न रटते देखे गए।
प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय में परीक्षा देकर बाहर निकले कुछ परीक्षार्थियों ने कदाचार होने की बात पर रोष व्यक्त किया। परीक्षार्थियों ने कहा जब से एसटेट के लिए आवेदन किए इस उम्मीद से लगातार तैयारी किए कि टाॅपर होंगे लेकिन परीक्षा केन्द्र के भीतर काफी निराशा हुई। परीक्षार्थियों ने वीक्षकों पर चुनिंदा परीक्षार्थियों को चिट पहुंचानेका आरोप लगाया। केएलएस काॅलेज में भी खूब बबाल मचा। बताया जाता है कि वहां प्रश्नपत्र आधे घंटे देर से परीक्षार्थियों को मिला। परीक्षार्थी एक घंटा अधिक समय दिए जाने को लेकर हंगामा करने लगे। परीक्षा केन्द्र के बाहर अभ्यर्थियों के साथ आए लोगों ने सरकार विरोधी नारे लगाए।
– माध्यमिक के लिए 4923 एवं उच्च माध्यमिक के लिए 1154 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
जिला नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को जिले के 10 केन्द्रों में परीक्षा हुई। तीन केन्द्रों पर दो पालियों में परीक्षा ली गई। पहली पाली की परीक्षा माध्यमिक स्कूलों के शिक्षक के लिए तथा दूसरी पाली की परीक्षा उच्च माध्यमिक स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए ली गई। परीक्षा में प्रथम पाली में 5521 में से 4923 एवं 1353 में से 1154 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। पहली पाली में 598 एवं दूसरी पाली में 199 परीक्षार्थी परीक्षा नहीं दे पाए।
– प्रश्नपत्र फाड़ने के कारण एक परीक्षार्थी को किया गया निष्कासित
शहर के आरएमडब्ल्यू काॅलेज में एक परीक्षार्थी मंजीत कुमार महथा अपने प्रश्नपत्र के पेज को फाड़ने का प्रयास कर रहा था। परीक्षार्थी के इस कृत्य पर वीक्षक की नजर पड़ गई। लिहाजा उसे परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया। आशंका है कि वह प्रश्नपत्र वायरल करने के लिए प्रश्नपत्र से पेज को अल कर रहा था।
– परीक्षा केन्द्र के भीतर इंट्री के दौरान दिखी सख्ती
परीक्षा को लेकर काफी सख्ती बरती गई। परीक्षा केन्द्र में इंट्री से पूर्व परीक्षार्थियों की पूरी तलाशी ली गई। मोबाइल एवं इलेक्ट्राॅनिक गजट ले जाने पर पूर्णतः प्रतिबंद्ध रहा। परीक्षार्थियों का जूता,मौजा और टोपी गेट पर ही खुलवा लिया गया। पर्स एवं बटूए भी गेट के निकट ही रखवा लिया गया। नकलचियों पर नजर रखने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी से नजर रखा गया और जैमर के माध्यम से मोबाइल के नेटवर्क को परीक्षा अवधि तक समाप्त कर दिया गया।
प्रथम पाली द्वितीय पाली परीक्षा केन्द्र कुल शामिल अबसेंट कुल शामिल अबसेंट
केएलएस काॅलेज 900 804 96 700 591 103
डाॅ गंगारानी सिन्हा काॅलेज 610 572 38 297 254 43
कन्हाई इंटर स्कूल 600 507 93 – – –
गांधी इंटर स्कूल 400 353 47 – – –
आरएमडब्ल्यू काॅलेज 400 340 60 – – –
कन्या इंटर स्कूल नवादा 248 218 30 – – –
प्रोजेक्ट कन्या इंटर स्कूल 600 558 42 356 309 47
ज्ञान भारती स्कूल नवादा 800 735 65 – – –
एसकेएम काॅलेज नवादा 702 608 94 – – –
हाई स्कूल केंदुआ 261 228 33 – – –
5521 4923 598 1353 1154 199





















































































































