नवादा टुडे डेस्क
पकरीबरावां पुलिस ने थाना क्षेत्र के हुड़राही गांव से चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक की निशानदेही पर तीन अलग-अलग स्थानों से तीन अन्य बाइक भी बरामद की गई। वहीं चोरी की बाइक खरीदने के मामलें में पकरीबरावां रविदास टोला के एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पकरीबरावां एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा के निर्देशन में थानाध्यक्ष सरफराज इमाम के नेतृत्व में डीआईओ की टीम ने छापेमारी की।
पकरीबरावां थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के हुड़राही गांव में मंगलवार की शाम छापेमारी की गई, जिसमें चोरी की एक बाइक के साथ रामा उर्फ राम कुमार को गिरफ्तार किया गया।
सख्ती से पूछताछ के बाद युवक ने एक बाइक पकरीबरावां के रविदास टोला निवासी मिंटू कुमार उर्फ नरेश रविदास के पास 10 हजार में बेचने की बात बताई। इस बीच पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर बाइक के साथ युवक को गिरफ्तार कर लिया।
युवक की निशानदेही पर हुड़राही एवं केसौरी मोड़ से दो अन्य बाइक भी बरामद की गई, जो बेचने के लिए रखी गई थी।
पूछताछ में रामा ने यह भी बताया कि उसने सभी बाइक नवादा से दो अन्य साथी अंकुर व मोहित के साथ बाइक चोरी कर बेचने का काम किया करता था।
उन्होंने बताया कि एफआईआर दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमार की जा रही है।



















































































































