नवादा टुडे डेस्क,
नवादा किऊल-गया रेलखंड पर इन दिनों ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। शनिवार को गया जाने के लिए दिनभर में एक भी ट्रेन नहीं आई। पिछले कुछ सालों में ऐसा पहली बार हुआ है जब लगातार 24 घंटे में गया जाने के लिए कोई ट्रेन नहीं आई हो। शनिवार को किऊल से गया जाने वाली अधिकांश ट्रेनें रद्द थी। एक मात्र ट्रेन गया-किऊल मेमो जिसे सुबह 7 बजे नवादा आना था वह भी नहीं आई और दिन भर शेखपुरा में ही खड़ी रह गई। इस तरह से गया जाने के लिए कोई ट्रेन नवादा नहीं आई।
रात करीब 9 बजे के बाद एक ट्रेन आई। बता दें कि इन दिनों गया-मानपुर के बीच रेललाइन के दोहरीकरण को लेकर परिचालन में दिक्कत आ रही है। दिसंबर के शुरू से ही ट्रेनों के परिचालन में दिक्कत हो रही है। यह दिक्कत अभी बनी रहेगी और नए साल से पहले परिचालन सुचारू होने की उम्मीद नहीं है। फिलहाल इस रूट की सबसे महत्वपूर्ण गया-हावड़ा एक्सप्रेस, भागलपुर दिल्ली एक्सप्रेस सहित करीब 7 जोड़ी ट्रेनें या तो रद्द है या फिर रूट डायवर्ट करके चलाई जा रही है।
एक ट्रेन को गया के बजाय तिलैया से ही लौटाया जा रहा है। बंद के आह्वान से और खराब हुई स्थिति केजी रेलखंड पर एक तो पहले से ही ट्रेनों का परिचालन बदहाल था दूसरी रही सही कसर राजद के बंद ने पूरी कर दी। गया-किउल मेमो को छोड़कर गया जाने वाली सारी ट्रेनें रद थी। लेकिन गया-किउल मेमू भी नहीं आ पाई और शेखपुरा में ही लगी रही। इससे नवादा रेलवे स्टेशन में सन्नाटा पसरा रहा। सभी प्लेटफार्म पर सन्नाटा दिखा। यात्री राघो यादव और दिनेश यादव ने बताया कि बंदी के चलते सुबह 5 बजे ही निकले थे लेकिन फिर भी ट्रेन नहीं मिली। बस भी नहीं मिल रही है।




















































































































