नवादा टुडे डेस्क
कौआकोल प्रखंड के खड़सारी पंचायत के साथें गांव में शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा की ओर से अग्रिम पंक्ति प्रत्यक्षण कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय पशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दरम्यान केवीके के पशु वैज्ञानिक डॉ. धनंजय कुमार ने 175 पशुओं को खिलाने के लिए कृमिनाशक दवाई का वितरण पशुपालकों के बीच किया।
पशुपालकों को कृमिनाशक दवाई देते हुए पशु वैज्ञानिक डॉ धनन्जय ने पशुशाला की नियमित रूप से सफाई करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साल में दो बार पशुओं को कृमिनाशक दवा अनिवार्य रूप से खिलानी चाहिए। उन्होंने बताया बरसात शुरू होने से पहले और बरसात खत्म होने के बाद कृमिनाशक दवाई खिलाने से मवेशियों को काफी फायदा होता है। साथ ही उन्होंने पशुपालकों को भीषण ठंढ़ से अपने अपने मवेशियों को बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि ठंढ़ से बचाव के लिए पशुपालक घरेलू तरीके अपना सकते हैं। उन्होंने ठंढ़ से निजात दिलाने के लिए सप्ताह में कम से कम एक बार पशुओं को आधा किलो मीठा गुड़, 250 ग्राम सरसो तेल, 50 ग्राम सोंठ तथा 25 ग्राम अजमाइन का मिश्रण कर प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही पशुशाला में नमी से बचाव के लिए फिनाइल एवं चुना का प्रयोग करने तथा दरवाजा वं खिड़की के पास जूट का बोरा रखने की सलाह दी। मौके पर केवीके के विकास कुमार,पूर्व मुखिया मुंद्रिका सिंह,पप्पू कुमार आदि मौजूद थे।





















































































































