चारो तरफ मैरी क्रिसमस की धूम, प्रभु यीशु का बाल रूप देखने के लिए चर्च में उमड़े श्रद्धालु

0
613

नवादा टुडे डेस्क

 नवादा क्रिसमस डे पर बुधवार को जिले भर में दिनभर मैरी क्रिसमस की धूम रही। नवादा चर्च में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। परंपरा के अनुसार मंगलवार की आधी रात में जैसे ही प्रभु यीशु गोशाले में प्रकट हुए लोग श्रद्धा भाव से भर गए। बुधवार को मिस्सा पूजा के बाद क्रिसमस डे पर नवादा चर्च में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। गोशाले में प्रकट हुए दर्शन और कैंडल जलाने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। नवादा में क्रिसमस का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

जिला मुख्यालय में इस त्योहार को लेकर जबर्दस्त उल्लास देखा गया। पार नवादा स्थित चर्च में सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दोपहर में खराब मौसम के बावजूद हजारों की संख्या में लोग चर्च पहुंचे और प्रभु यीशु के सामने कामना की। चर्च पहुंचने वालों में छोटे बच्चों और युवाओं की तादाद अधिक रही। चर्च के अंदर फादर सभी को आशीष दे रहे थे। लोगों ने घरों में भी कैंडल जलाकर खुशियां बांटी। पार नवादा चर्च में पहुंचे बच्चे वहां बने गौशाला को बड़े ही उत्सुकता के साथ देख रहे थे।

वहां मां मरियम के साथ ही बाल रूम में यीशु को दिखाया गया था। वहां काफी मनोहारी दृश्य तैयार किया गया था। यह सब देख बच्चे उत्सुक और चकित हो रहे थे। इनके साथ रहे बड़े अभिभावक ने बच्चों को यीशु के जन्म से जुड़ी कहानी बतायी। जानकारी के अनुसार प्रभु का जन्म एक गोशाला में हुआ था।

गया रोड में मेला सा नजारा, बच्चों ने खूब की मस्ती

क्रिसमस का उत्साह नवादा में देखते बनता है। पार नवादा में चर्च से लेकर सद्भावना चैक तक मेला सा नजारा देखने को मिला। यहां दर्जनों फुटपाथी दुकानें खाने पीने वाले स्टाॅल के साथ लगी थी। जहां लोगों ने चाट, चाउमीन, फोचका, आईस्क्रीम, जूस खाए पिए। बच्चों को खेलने के लिए तरह-तरह की खिलौने की दुकानें भी यहां थी। कई गुब्बारे वाले भी रंग-बिरंगे गुब्बारे के साथ यहां पहुंचे थे।

गोशाले के साथ सेल्फी का खूब दिखा क्रेज

बुधवार को मेले के दौरान बच्चे, युवक, युवतियों में सेल्फी का भी जबरदस्त क्रेज दिखा। लोग गोशाले में लगी प्रतिमाओं के साथ सेल्फी लेते दिखे। क्रिसमस के मौके पर चर्च पहुंचे अनेक किशोर बच्चे अपने दोस्तो संग सेल्फी खिंचवाते दिखे। कई परिवार भी साथ-साथ फोटो खिंचवा रहे थे। न्यू एरिया निवासी किसलय ने बताया कि खाने-पीने और घूमने की बात हो और सेल्फी की चर्चा नहीं हो ऐसा कहां हो सकता।

स्कूल में छुट्टियां रहने से स्कूलों में नहीं हो सके कार्यक्रम
ठंढ के चलते इन दिनों स्कूलों में छुट्टियां चल रही है। कई स्कूलों में क्रिसमस और क्रिसमस की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थी लेकिन स्कूल में पिछले कइ दिनों से छुट्टी रहने के कारण ये तैयारियां धरी की धरी रह गई। कई स्कूलों में कार्यक्रम नहीं हो पाए। हलांकि बच्चों से घरों में ही क्रिसमस मनाया। कोई शांता बना तो कोई क्रिसमस ट्री लेकर घूमता दिखा।

दया, करूणा और प्रेम से ही आएगी खुशहाली
फादर सब्सट्रियन ने बताया कि यीशु ने हमेशा ही दया, करूणा और प्रेम करने का संदेश दिया।  इसके जरिये ही समूचा विश्व खुशहाल रह सकता है। उन्होंने कहा कि प्रेम सबसे बड़ी चीज है। प्रभु यीशु का जन्म मानव कल्याण के लिए हुआ था। हमलोग हर साल क्रिसमस मनाकर उन्हें याद करते हैं। इस पर्व के अवसर पर पूरे विश्व मे शांति, अमन और चैन के लिए प्रार्थनाएं होती है। ताकि दया, करूणा और प्रेम का संदेश फैल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here