नवादा टुडे डेस्क
कौआकोल प्रखंड में पैक्सों के माध्यम से सरकारी स्तर से धान की खरीद नहीं होने से प्रखंड के किसान काफी परेशान हैं और वे अपनी उत्पाद को खुले बाजारों में व्यापारियों के हाथों औने पौने भावों पर बिक्री करने को विवश हो रहे हैं। जिससे उन्हें सरकारी स्तर पर धान का निर्धारित मूल्य नहीं मिल पा रहे हैं।
गौरतलब है कि सरकार द्वारा ए ग्रेड के 1850 रुपये व बी ग्रेड धान की कीमत 1830 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भाव निर्धारित किये गए हैं परन्तु किसानों को खुले बाजारों में उन्हें 1250 से 1300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से ही धान की कीमत मिल पा रहे हैं। जिससे किसानों में भारी मायूसी है।
सेखोदेवरा पैक्स अध्यक्ष सुरेश मेहता,कौआकोल पैक्स अध्यक्ष सुनील कुमार,मंझिला पैक्स अध्यक्ष नरेंद्र कुमार व दरावां पैक्स के अध्यक्ष रजनीश कुमार आदि ने बताया कि अब तक विभाग द्वारा धान खरीदने का कोई निर्देश प्राप्त नहीं होने के कारण धान की खरीद शुरू नहीं हो सका है।
इस सम्बंध में प्रखण्ड सहकारिता पदाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि पैक्स चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू रहने के कारण धान खरीद में बाधा उत्पन्न हुई है। बहुत जल्द सरकारी स्तर पर पैक्सों के माध्यम से धान की खरीद आरम्भ कर दिया जाएगा।
इधर प्रखंड के किसान महेंद्र सिंह, सुरेश सिंह,जयपाल सिंह यादव , भोलानाथ साहु आदि का कहना है कि सरकार व विभाग को किसानों से न तो कोई लेना देना है,और न ही उन्हें किसानों की परेशानियों की चिंता ही है। सरकार का मकसद केवल घोषणा करने के काम का ही रह गया है। जिसका भर पूर फायदा व्यापारियों को मिल रहा है।




















































































































