नवादा टुडे डेस्क
कौआकोल पुलिस ने मंगलवार को विशेष टीम का गठन कर काफी दिनों से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध पुलिस पर पथराव करने, सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने सहित विभिन्न संगीन मामले दर्ज किये गये।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि कौआकोल थाना कांड संख्या-65/19, 162/19, 163/19 तथा 263/19 में विभिन्न धाराओं में दर्ज मामले में फरार चल रहे लालपुर पंचायत के पूर्व सरपंच व गुआघोघरा निवासी केशो यादव, प्रदीप यादव एवं गुल्ली यादव को नाटकीय ढंग से मंगलवार की अहले सुबह गुप्त सूचना पर उसके घर से छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
सभी आरोपी काफी दिनों से फरार चल रहे थे एवं पुलिस को चकमा दे रहे थे। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष मनोज कुमार, एसआई अखिलेश सिंह के अलावे पुलिस बल के जवान मौजूद थे।























































































































