नवादा टुडे डेस्क
हिसुआ के प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय के प्राचार्य और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक डाॅ मिथलेश सिंहा के निधन से जिले भर में शोक की लहर है। सोमवार को उनका निधन हिसुआ स्थित उनके आवास पर हो गया। वे लंबी बिमारी से ग्रसित थे। जिले भर के लोगों ने उनके निधन को अपूर्णीय क्षति बताया है।
उनके निधन पर विधायक अनिल सिंह, साहित्यकार राम रतन सिंह रत्नाकर, डाॅ मनुजी राय, जयराम देवशपुरी, नरेन्द्र सिंह, मिथलेश, दीनबंधु, वीणा मिश्रा, डाॅ राशि सिंहा, गोपाल निर्दोष, मुकेश कुमार सिंहा, उदय भारती, अशोक समदर्शी, शफी जानी नादां आदि ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्य को बड़ी क्षति हुई है। युवा साहित्यकार डाॅ अशोक प्रियदर्शी ने कहा कि मिथलेश कुमार सिंहा के निधन से नवादा को बड़ी क्षति हुई है।
उनमें अतुलनीय प्रतिभा थी। साहित्यिक और समाजिक ही नहीं एक प्रशासक और शिक्षक के तौर पर भी उन्होंने बड़ा कीर्तीमान स्थापित किया। उन्होंने हिसुआ के प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय को बुलंदी पर पहुंचाया। स्कूल प्रवेश करते ही विद्यालय में अनुशासन बोलता दिखाई देता है। कई बार स्कूल की बच्चियां राज्य के टाॅप टेन में पहुंची।
स्कूल मगध प्रमंड में नंबर वन हुआ। मिथलेश को उनकी दक्षता के लिए पहले राज्यपाल से और फिर राष्ट्रपति पुरस्कार मिला। जिले में हर बड़े स्कूली बदलाव की नींव हिसुआ के प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय में भी रखी जाती है। इस स्कूल की बेटियों ने देश के अलावा जापान और कोरिया जैसे देशों में भी जाकर मेडल जीता है।





















































































































