नवादा टुडे डेस्क
रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली पंचायत के कारा खून्ट जंगल के समीप एनएच 31 सड़क पर वैगन आर जेएच 01 बीडी 8625 व ट्रक जेएच 12 जे 8726 में सीधी भिड़ंत हो गई। जिसमें एक ही परिवार के 3 लोग बुरी तरह से घायल हो गए। वाहन दुर्घटना में घायल हुए लोगों को रजौली विधायक प्रकाशवीर, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि रविंद्र कुमार उर्फ बबलू यादव के अलावे रजौली थाने के एएसआई बिक्रमा राम, एएसआई रंजीत पासवान आदि के सहयोग से घायल लोगों को एंबुलेंस के सहारे रजौली अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक दिलीप कुमार के द्वारा उपचार किया गया।
घायल लोगों की पहचान रांची की नामकुम निवासी 50 वर्षीय रघुनन्दन मिश्रा व 45 वर्षीय माधवी मिश्रा व उनकी 19 वर्षीय पुत्री मौसम कुमारी के रूप में हुई। घायल व्यक्ति रघुनंदन मिश्रा ने बताया कि शादी समारोह में सम्मिलित होने के लिए वे रांची से निजी वाहन वैगन आर से खगड़िया जा रहे थे। इसी बीच नवादा की ओर से आ रहे ट्रक ने जबरदस्त टक्कर मार दी। घायलों हुए लोगों के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। सूचना के उपरांत परिजन अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना ले गए।


















































































































