नवादा टुडे डेस्क, नवादा कार्तिक पूर्णिमा की अहले सुबह सोखोदेवरा स्थित तालाब में दो बच्चियों को डूबने से बचाने के क्रम में जान गंवाने वाले शिक्षक अविनाश कुमार के नाम पर जेपीएन तालाब का नाम अविनाश कुमार के नाम पर किया गया। शनिवार को सोखोदेवरा के बड़ी तालाब स्थित सूर्य मंदिर परिसर में सीआरपीएफ की 215 बटालियन ने साहसिक कदम उठाने वाले मौत की मुंह में समा गए अविनाश को श्रद्धांजलि दी।
मौके पर सीआरपीएफ की 215 बटालियन के सह असिस्टेंट कमांडेंट बिनोद कुमार ने दिवंगत अविनाश को याद करते हुए कहा कि हमेशा से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर भाग लेने वाले अविनाश किसी का जीवन बचाने के लिए अपने जीवन का उत्सर्ग कर समाज को एक बड़ा संदेश दे गए।मौके पर सभी ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि इस तालाब का नाम उनकी स्मृति में अविनाश कुमार सरोवर घाट रखा जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा में एएसआई अतुल चंद डेक, हवलदार संतोष शर्मा, सिपाही पवन कुमार सिंह, क्लब के सचिव मनोज मेहता, उपाध्यक्ष उमेश रविदास, भूतपूर्व मुखिया सुरेश सिंह, अवध पासवान समेत क्लब के सदस्य गण मौजूद रहे। तैरना नहीं आता था लेकिन बच्चियों को बचाने के लिए तालाब में उतर गया कार्तिक स्नान के दौरान जब दोनों बच्चियां डूबने लगी तो वहां मौजूद अन्य साथी तालाब के किनारे में आग का सेवन कर रहे थे।
बचाने की आवाज सुनकर कई लोग आवाज की तरफ भागे लेकिन किसी की हिम्मत नहीं हुई। लेकिन अविनाश बच्चियों को बचाने के लिए तालाब में उतरने लगा,जिसपर साथियों ने उसे रोक दिया क्योंकि उसे तैरना नहीं आता था। परन्तु वह रोकने के बावजूद यह बोले हुए छलांग लगा दिया कि किसी को तो आगे बढ़ना पड़ेगा।




















































































































