नवादा टुडे डेस्क
रजौली शनिवार की सुबह रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया सेक्टर ए के पास सड़क हादसे में रामदासी गांव के देवानंद साव के बेटे 9 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मासूम सूरज अपनी मां का हाथ पकड़कर नानी के साथ रोड किनारे अपने घर से रोड पार कर रहा था। नानी और मां रोड पार कर गई, लेकिन ट्रक को देखकर मासूम सूरज का हाथ छूट गया। मां व नानी तो बाल-बाल बच गई। लेकिन मासूम सूरज ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक ने उसे बुरी तरह कुचल दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूरज को ट्रक की चपेट में आता देख उसकी मां 30 वर्षीय मुन्नी देवी व उसकी नानी देवी राजकुमारी देवी ने उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन ट्रक की चपेट में आकर मां व नानी भी बुरी तरह घायल हो गई। बावजूद मां व नानी मासूम सूरज की जान नहीं बचा सकी। मां के सामने ही उसके बेटे की मौत हो गई।
सड़क हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच-31 को दोनों तरफ से जाम कर दिया। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद बीडीओ प्रेम सागर मिश्र व अपर थानाध्यक्ष राजेश कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराने की पूरी कोशिश की।
लेकिन आक्रोशित लोग कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। काफी मशक्कत के बाद लगभग एक घंटे बाद सड़क दुर्घटना में मौत के शिकार हुए मासूम सूरज के आश्रित को मुआवजे के रूप में 20 हजार रुपये की राशि का चेक देकर व मासूम के परिवार को सांत्वना देकर जाम को हटवाया गया।
इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेजा।वहीं इस सड़क हादसे में घायल मां मुन्नी देवी व नानी राजकुमारी देवी का अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कराया गया।प्राप्त जानकारी के मुताबिकमासूम सूरज तीन भाईयों में दूसरे नम्बर पर था।
मिली जानकारी के मुताबिक मासूम सूरज की मां मुन्नी देवी एक बार ससुराल में आपसी विवाद होने पर आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। जिसके बाद उसका शरीर झुलस गया था। उसकी हरकतों से तंग आकर उसके पति ने उसे छोड़ दिया था। तब से मां मुन्नी देवी मायके में ही रहकर अपने बच्चों का लालन-पालन कर रही थी। लेकिन शनिवार को एक बार फिर किस्मत ने उसका साथ छोड़ दिया और पति के बगैर रह रही मुन्नी ने अपना बेटा भी खो दिया।





















































































































