नवादा टुडे डेस्क
नवादा जिले के वारिसलीगंज प्रखंड अंतर्गत तिलक नगर शाहपुर चौक में स्वामी विवेकानंद एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा संचालित ज्ञानोदय विद्यालय में सरस्वती पूजा के अवसर पर बच्चों के द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम मंच का शुभारंभ किया गया । जिसका विधिवत उद्घाटन सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मंत्री सह पटना विधान पार्षद नीरज कुमार व स्थानीय विधयिका अरुणा देवी ने दीप जलाकर किया।
इस मौके पर विद्यालय के प्राचार्य यू के मिश्रा ने वेलकम स्पीच दिया तत्पश्चात विद्यालय में नामांकित छात्र छात्राओं के द्वारा स्वागत गान की प्रस्तुति से आगत अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं बच्चों ने गीत, नृत्य, एकल गायन, समूह नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। अपने संबोधन में विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा कि सर्वप्रथम सरकार के द्वारा संचालित जल जीवन हरियाली अभियान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि यह चाणक्य की धरती है जो आदिकाल से समस्त संसार को शिक्षा की ज्योति से आलोकित करता आया है। शिक्षा से ही बिहार का समग्र विकास संभव है। बिहार सरकार अपने बजट का 23 प्रतिशत भाग शिक्षा पर खर्च करती है। बिहार के शिक्षण संस्थानों में 5 प्रतिशत भागीदारी निजी संस्थानों की है। मैं आशा करता हूं कि यह संस्थान क्षेत्र के शैक्षणिक उत्थान में सहभागी बनेगा।
वहीं स्थानीय विधयिका अरुणा देवी ने अपने संबोधन में विद्यालय परिवार तथा बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए कार्यक्रम की सराहना की। विद्यालय परिवार को बेहतर करने को धन्यवाद देते हुए कहा कि खुशी है कि आज हमारे क्षेत्र में भी निजी विद्यालय के माध्यम से बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा प्राप्त करने में सहूलियत हो गई है। बच्चे शिक्षा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी रुचि ले। कार्यक्रम को संस्था के सचिव नीरज कुमार ने भी संबोधित किया।
मौके पर विद्यालय के निदेशक प्रिंस शर्मा ने बताया कि तीन एकड़ के भूखंड में भव्य भवन का निर्माण कर विद्यालय स्थापित किया गया है जहाँ दार्जीलिंग, महाराष्ट्र, केरल आदि के योग्य शिक्षकों के द्वारा बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा मुहैया कराई गई है। साथ ही विद्यालय में खेल कूद, पुस्तकालय, प्रयोगशाला के साथ साथ अन्यान्य आधुनिक सुविधाएं एवं छात्रावास और वाहन की सुविधा भी उपलब्ध है ।मौके पर पैक्स अध्यक्ष चितरंजन कुमार, पूर्व मुखिया सुरेंद्र सिंह, रामसकल सिंह, अखिलेश कुमार, सुनील कुमार, रामप्रवेश कुमार, प्रमोद सिंह समेत सैकड़ो लोग मौजूद थे।























































































































