नवादा टुडे डेस्क
नागरिकता संशोधन कानून तथा राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के समर्थन में शुक्रवार को कौआकोल में विशाल जुलूस निकाली गई। यह समर्थन जुलूस भाजपा,बजरंग दल एवं विश्व हिन्दू परिसद के बैनर तले संयुक्त रुप से आयोजित हुआ। एनसीआर,सीएए एवं एनपीआर कानून के समर्थन में निकाले गये जुलूस में 10 हजार से अधिक लोग शामिल हुए।
कौआकोल के जेपी चैक से निकाला गया यह जुलूस कौआकोल एवं रानीबाजार के विभिन्न हिस्सों से होता हुआ पुनः जेपी चैक पर जाकर खत्म हो गया। इस जुलूस में युवाओं की संख्या सबसे अधिक देखी गई। लोग हाथों में भगवा झंडे के साथ तिरंगा लिए भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष करते पूरे उत्साह के साथ जुलूस में शामिल हुए। इस जुलूस की एक और बड़ी विशेषता देखी गई कि दो समूहों में लोग काफी विशाल तिरंगा लेकर समूचे बाजार में भ्रमण किया।
– सीएए नागरिकता देने का कानून है न की छीनने का
समर्थन के लिए निकाली गई जुलूस में शामिल बिहार विधान सभा में सचेतक व जिले के हिसुआ विधायक अनिल सिंह ने कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक हर धर्म के लोगों के हित में है। कुछ लोग राजनीतिक रोटियां सेककर लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक लागू कर सरकार ने अच्छा कार्य किया है, इसलिए इस विधेयक का सभी को समर्थन करना चाहिए।
मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना ने कहा कि एनआरसी कानून देश हित में सही है। इसमें भेदभाव की कहीं कोई बात ही नहीं है। कुछ लोग राजनीतिक मंशा के तहत इसका विरोध कर देश के लोगों को बरगला रहे हैं। इसलिए अब समय आ गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास करते हुए इस कानून का समर्थन कर देश के गद्देदारों को सबक सिखाएं।
जिला महामंत्री रामानुज कुमार,बिगन सिंह,कौआकोल पूर्वी मण्डल के भाजपा अध्यक्ष अमित कुमार,पश्चिमी मंडल के भाजपा अध्यक्ष अशोक सिंह,बजरंग दल के प्रखण्ड संयोजक मुकेश कुमार,विश्व हिंदू परिषद के अभिमन्यु कुमार,सूर्यकांत निराला,डॉ चंद्रिका प्रसाद,सोनु कुमार,ज्योतिष कुमार,अजित कुमार वर्मा आदि ने कहा कि पहले लोगों को कानून के बारे में जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। राजनीति चमकाने के लिए विरोधी दल के लोग देश में दंगा भड़काना चाहते हैं। दंगाइयों के लिए देश में कोई जगह नहीं होना चाहिए। देश से जिन्हें प्रेम है, वे गलत कदम नहीं उठा सकते हैं।




















































































































