नवादा टुडे डेस्क
नवादा के कौआकोल-महुडर मुख्य पथ पर छतवैया आहर से कुछ ही फलांग की दूरी पर वंशाटाँड़ के पास शनिवार की शाम लगभग 6 बजे अपाची वाहन पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने मधुरापुर गांव निवासी लगभग 46 वर्षीय सूर्यप्रकाश यादव उर्फ व्यास जी की गोली मारकर हत्या कर दी। सूर्य प्रकाश मुख्य रुप से किसान व सिमेन्ट के व्यवसायी बताये जाते हैं तथा जेसीबी मशीन के मालिक भी हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो चुका है।
बताया जाता है कि शनिवार को लगभग 6 बजे शाम में सूर्यप्रकाश उर्फ व्यास जी कौआकोल बाजार से मोटरसाइकिल से गांव के ही एक मुन्ना नामक युवक के साथ अपने घर मधुरापुर लौट रहा था। इसी क्रम में वंशाटांड़ के पास पूर्व से घात लगा बैठे तीन अज्ञात अपराधियों ने वाहन रुकवाकर श्री यादव के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना के दरम्यान उसके साथ रहे मुन्ना नामक युवक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
बताया जाता है कि घटना को अंजाम देने आये तीनों अपराधी अपाची बाइक अपने साथ रखे हुए थे। जो घटना को अंजाम देकर उसी वाहन से पिस्टल को लहराते हुए वहां से रानीबाजार की ओर भाग निकले।घटना की सूचना मिलते ही प्रकाश यादव के परिजन व कौआकोल थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच घायल प्रकाश यादव को ईलाज के लिए कौआकोल पीएचसी में भर्ती कराया। जहां उन्होंने अपना दम तोड़ दिया। जिसके बाद पुलिस द्वारा आनन फानन में शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो चुका है।
बता दें कि इसके पूर्व भी सूर्यप्रकाश यादव उर्फ व्यास जी पर अपराधियों ने 17 अप्रैल 2019 को ताबड़तोड़ फायरिंग कर बुरी तरह घायल कर दिया था। परन्तु उस समय उनकी जान बच गई थी। आशंका जताई जा रही है कि पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर ही इस तरह की घटना का अंजाम दिया गया है। घटना की सूचना पर पकरीबरावां एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा कौआकोल पहुंच कर घटना स्थल की ओर रवाना हो मामले की तहकीकात में जुट गये हैं।





















































































































