नवादा टुडे डेस्क
कौआकोल। खादी सुधार विकास कार्यक्रम के तहत खादी एवं ग्रामोधोग आयोग पटना की वित्तीय सहायता से ग्राम निर्माण मण्डल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा में शनिवार से दस दिवसीय बुनकरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। प्रशिक्षण का उदघाटन खादी एवं ग्रामोधोग आयोग के सहायक निदेशक एस के भुइँया, निदेशक डॉ भी एस बागुल, ग्राम निर्माण मण्डल के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार एवं प्रधानमंत्री अरविंद कुमार ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्ज्वलित कर एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर खादी सूत का माला पहना एवं पुष्प अर्पित कर किया।
प्रशिक्षण में राज्य के मुजफ्फरपुर, जमुई, लक्खीसराय, भागलपुर सहित विभिन्न जिले के 16 खादी संस्थाओं से चयनित दो-दो दक्ष बुनकर हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण में भाग ले रहे बुनकरों को संबोधित करते हुए ग्राम निर्माण मण्डल के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने कहा कि खादी व ग्रामोद्योग विभाग रेलवे के बाद देश का सबसे ज्यादा रोजगार देने वाला उद्यम है। वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रही बेरोजगारी को समाप्त करने में खादी व ग्रामोद्योग एक सशक्त जरिया बन सकता है।
इसके लिए सरकार के साथ साथ लोगों को भी आगे आना होगा,उन्होंने कहा कि यह बहुत ही सौभाग्य की बात है कि ग्राम निर्माण मण्डल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा को इस प्रशिक्षण के लिए चुना गया है। खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग पटना के सहायक निदेशक श्री भुइयाँ ने कहा कि नई तकनीक व तरीकों को अपनाकर बुनकर अपनी आमदनी बढ़ाएं। सरकार बुनकरों के लिए कई योजनाएं चला रही है उसका भी लाभ उठाएं। इसके लिए सरकार द्वारा संचालित प्रशिक्षण केन्द्रों पर प्रशिक्षित होकर अनुदानित दर पर नई तकनीक के मशीन से कताई व बुनाई करने की आवश्यकता है।
निदेशक डॉ बागुल ने कहा कि गांवों में रोजगार के अवसर का सृजन करने से ही बेरोजगारी दूर होगी। ग्राम निर्माण मण्डल के प्रधानमंत्री अरविंद कुमार ने बुनकरों को प्रशिक्षण से संबंधित कार्यक्रमों की संक्षिप्त जानकारी दी। मौके पर राजेन्द्र बहुउद्देशीय खादी विद्यालय शेखपुरा के प्रशिक्षक मांडवी जी, बुनकर सेवा केंद्र भागलपुर के अमरदीप पासवान, दिनेश कुमार मण्डल, कपिलदेव मिस्त्री, सुनील कुमार, अशोक कुमार, अनिल कुमार, धीरेंद्र कुमार मन्नु, सुचिता तिर्की आदि मौजूद थे।























































































































